ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

खनिज सर्वेक्षण रिपोर्ट सार्वजनिक: 26 नवंबर तक दावे-आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे नागरिक, 21 दिन तक वेबसाइट पर रहेगा प्रारूप

खनन पट्टों और खनिज संसाधनों से जुड़ी जानकारी पर जनता से मांगे सुझाव; तय तारीख के बाद मिले आवेदनों पर नहीं होगा विचार

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में खनिज संसाधनों और खनन पट्टों से जुड़ी जानकारी को लेकर आम नागरिक 26 नवंबर तक अपनी आपत्ति और सुझाव दे सकेंगे।

जिला प्रशासन ने जिला सर्वेक्षण रिपोर्ट-2026 का प्रारूप सार्वजनिक कर दिया है। इसे 21 दिनों तक जिले की आधिकारिक वेबसाइट और पब्लिक डोमेन में उपलब्ध रखा जाएगा। इस दौरान नागरिक रिपोर्ट में दर्ज जानकारियों का अवलोकन कर अपने दावे, आपत्तियां और सुझाव दे सकते हैं।

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में खनिज विभाग ने यह प्रक्रिया शुरू की है। इसका उद्देश्य जिले के खनिज संसाधनों से संबंधित जानकारी को पारदर्शी बनाना और रिपोर्ट तैयार करने में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

खनन पट्टों की जानकारी भी शामिल

खनिज विभाग के अनुसार, रिपोर्ट में जिले के स्वीकृत और संचालित खनन पट्टों से संबंधित विवरण शामिल किए गए हैं। इसे तैयार करने के लिए विभिन्न विभागों से प्राप्त जानकारियों का भी संकलन किया गया है।

रिपोर्ट के दो अलग-अलग प्रारूप तैयार किए गए हैं, जिन्हें सार्वजनिक कर संबंधित पक्षों से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं।

खनिज शाखा में जमा करना होगा आवेदन

जिला सर्वेक्षण रिपोर्ट-2026 का प्रारूप क्षेत्रीय प्रमुख, क्षेत्रीय कार्यालय संचालनालय, भौमिकी तथा खनिकर्म, सोनाखान भवन, नवा रायपुर द्वारा तैयार किया गया है। रिपोर्ट में दर्ज किसी जानकारी पर आपत्ति या सुझाव होने पर नागरिक लिखित आवेदन दे सकते हैं।

इसके लिए जिला कार्यालय की खनिज शाखा, बालोद में कार्यालयीन समय के दौरान आवेदन जमा करना होगा। दावा-आपत्ति और सुझाव देने की अंतिम तारीख 26 नवंबर 2026 तय की गई है।

समयसीमा के बाद नहीं मिलेगा मौका

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 26 नवंबर के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। ऐसे में नागरिकों और संबंधित पक्षों को तय समयसीमा के भीतर रिपोर्ट का अवलोकन कर अपनी बात रखनी होगी। प्राप्त सुझावों और आपत्तियों के जरिए रिपोर्ट में शामिल जानकारियों की जांच और प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button