दिवाली पर दिल्ली की हवा हुई जहरीली: 23 इलाकों में AQI 400 पार, जहांगीरपुरी सबसे प्रदूषित

दिल्ली। दिवाली के मौके पर राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण ने चिंताजनक स्थिति पैदा कर दी है। आतिशबाजी और हवा की धीमी रफ्तार के कारण प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा है।
8 नवंबर की सुबह 7:05 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 384 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में है। वहीं, राजधानी के 23 इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया है। यह गंभीर श्रेणी मानी जाती है।
दिल्ली में सबसे खराब स्थिति जहांगीरपुरी की रही, जहां AQI 450 दर्ज किया गया। पंजाबी बाग में 449, आरके पुरम में 448, बवाना में 446, रोहिणी और IIT दिल्ली में 445 तथा NSIT द्वारका में 441 AQI रिकॉर्ड किया गया। बुराड़ी क्रॉसिंग में भी यह आंकड़ा 414 रहा।
इसके अलावा आनंद विहार में 344, अशोक विहार में 323 और बदरपुर में 349 AQI दर्ज किया गया। इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है।
पटाखे जलाने के लिए तय की गई समय-सीमा
प्रदूषण को देखते हुए प्रशासन ने पटाखे जलाने के लिए समय निर्धारित किया है। 8 नवंबर को सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक ही आतिशबाजी की अनुमति है। अस्पतालों, हेल्थ सेंटर, वृद्धाश्रम और शिक्षण संस्थानों के 300 मीटर के दायरे में पटाखे जलाने पर रोक है।
बेरियम युक्त पटाखों, पारंपरिक पटाखों और लड़ियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। केवल निर्धारित मानकों वाले प्रमाणित ग्रीन पटाखों की अनुमति है। नियम तोड़ने पर पटाखे जब्त करने, लाइसेंस रद्द करने और FIR दर्ज करने जैसी कार्रवाई हो सकती है।
तापमान में भी आएगी गिरावट
दिल्ली में प्रदूषण के साथ मौसम में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
शनिवार को अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और न्यूनतम 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। प्रशासन ने लोगों से प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का पालन करने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की है।





