जल्दी अमीर बनने के लिए मासूम की हत्या: किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर बाल्टी में रखे; शव खेत में दफनाया

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर में जल्दी अमीर बनने की चाह में एक युवक ने 4-5 साल के मासूम जितेन्द्र राम की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने बच्चे की किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिए।
इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा और खेत में पानी से भरे गड्ढे में दफना दिया। पुलिस ने आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला सन्ना थाना क्षेत्र का है।
बहला-फुसलाकर ले गया था बच्चा
पुलिस के मुताबिक, जितेन्द्र के पिता रामजीत राम ने 7 नवंबर को उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार करीब एक साल पहले मजदूरी करने सन्ना आया था। आरोपी बासुदेव का परिवार के घर आना-जाना था। वह रिश्ते में बच्चे का ममेरा भाई लगता था। इसी पहचान का फायदा उठाकर वह बच्चे को अपने साथ ले गया।
शराब पिलाकर की हत्या
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी से मिलने वाली रकम से संतुष्ट नहीं था। जल्दी ज्यादा पैसा कमाने के लिए सोशल मीडिया पर तरीके खोजता रहता था। इसी दौरान उसके मन में बच्चों के अंग निकालकर बेचने का विचार आया।
वारदात के दिन वह बच्चे को झोपड़ी में ले गया। वहां मुर्गा बनाया और बच्चे को शराब पिलाई। उसके सो जाने के बाद चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।
बाल्टी में छिपाए अंग, गड्ढे में दबाया शव
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर बाल्टी में रख दिए। शव को बोरी में भरकर खेत के गड्ढे में दफना दिया। बाद में हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और बाल्टी को भी बांस के झुरमुट के पास छिपा दिया।
परिजनों की तलाश के दौरान खेत में पानी से भरे गड्ढे में बोरी दिखाई दी। उसे खोलने पर बच्चे का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपी की निशानदेही पर शव, अंग, चाकू, फावड़ा और मोबाइल जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।





