हिंदू विरोधी टिप्पणी पर बिलासपुर में बवाल, दो पक्षों में पथराव; TI का सिर फटा

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर कथित हिंदू विरोधी टिप्पणी को लेकर शुक्रवार रात बिलासपुर में विवाद बढ़ गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मारपीट के बाद पथराव और तोड़फोड़ शुरू हो गई। भीड़ ने कई गाड़ियों, दुकानों और घरों को नुकसान पहुंचाया।
हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। पथराव में तारबाहर टीआई रवि तिवारी के सिर में गंभीर चोट आई। एक आरक्षक समेत कई अन्य लोग भी घायल हुए। मौके पर पहुंचे सीएसपी गगन कुमार के साथ भी भीड़ ने धक्का-मुक्की की।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर टिप्पणी को लेकर हिंदूवादी संगठनों के लोग खपरगंज पहुंचे थे। यहां दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट के बाद स्थिति हिंसक हो गई। पुलिस ने भीड़ को समझाने की कोशिश की, लेकिन पथराव शुरू होने पर बल प्रयोग करना पड़ा।
स्थिति नियंत्रित करने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह हेलमेट पहनकर मौके पर पहुंचे। जांजगीर-चांपा, मुंगेली और सीएएफ से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। करीब 400 जवानों को तैनात किया गया। एसएसपी खुद लाठी लेकर सड़क पर उतरे और पुलिस ने इलाके में पैदल मार्च किया।
तनाव के दौरान भीड़ सिटी कोतवाली थाने में भी घुस गई और जमकर हंगामा किया। देर रात तक पुलिस ने पेट्रोलिंग कर लोगों को हटाया। सिटी कोतवाली चौक और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया है।
कलेक्टर और एसएसपी ने कहा कि विवाद के बाद दोनों पक्षों की ओर से पथराव हुआ। स्थिति अब नियंत्रण में है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



