रायपुर में कल मनेगा छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस: 14 पुस्तकों का विमोचन, 5 साहित्यकारों का सम्मान; शाम को कवि सम्मेलन

रायपुर। छत्तीसगढ़ी भाषा, लोक संस्कृति और परंपराओं को समर्पित राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस समारोह 28 नवंबर को रायपुर में आयोजित होगा।
सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में सुबह 10 बजे कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। समारोह की अध्यक्षता संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे।
दिनभर साहित्यिक गतिविधियों, परिचर्चा और कवि सम्मेलन के जरिए छत्तीसगढ़ी भाषा की विरासत को सामने रखा जाएगा।
14 साहित्यिक पुस्तकों का होगा विमोचन
समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य की 14 पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा। इनमें अरविंद मिश्र की ‘नोहर-छोहर छत्तीसगढ़’, बिसरू राम कुर्रे की ‘माटी के लाल’, गणेश्वर पटेल की ‘आखर अउ अंजोर’, पद्मा साहू की ‘उधारी के सुवासा’, सुमित्रा साहू की ‘छत्तीसगढ़ के गहना-गुरिया परिधान’ और रामकुमार वर्मा की ‘जसगीत झांकी भाग-02’ शामिल हैं।
इसके अलावा अमोल दास टंडन, बलराम मिर्झा, प्रिया देवांगन, सुधा वर्मा, डोरे लाल कैवर्त, बंशीधर लाल और डूमन लाल ध्रुव की कृतियों का भी विमोचन होगा।
पांच साहित्यकारों का सम्मान
छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य में योगदान के लिए पांच साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा।
इनमें गरियाबंद के मकसूदन राम साहू ‘बरीवाला’, रायगढ़ की सुधा देवांगन, सरगुजा के सुदामा राम गुप्ता और रायपुर के ईश्वर साहू ‘बंधी’ व गोविंद धनगर शामिल हैं। अतिथियों को छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुरूप ‘मया चिन्हारी’ भेंट की जाएगी।
तीन सत्रों में होंगे आयोजन
दोपहर 1 से 2 बजे तक ‘पुरखा के सुरता’ विषय पर परिचर्चा होगी। यह सत्र दिवंगत डॉ. सत्यभामा आडिल को समर्पित रहेगा। इसमें डॉ. कल्पना मिश्रा और डॉ. रेशमा अंसारी विचार रखेंगी।
दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक कवि सम्मेलन होगा। समारोह में मुख्यमंत्री के साथ वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।





