ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

धान खरीदी में भुगतान, बारदाने और उठाव की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश: मुख्य सचिव ने कलेक्टरों से कहा- लगातार करें निगरानी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी के बीच मुख्य सचिव विकासशील ने किसानों को समय पर भुगतान, बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता और उपार्जन केंद्रों में धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने सहकारी समितियों में धान का भौतिक सत्यापन कराने और खरीदे गए धान का समय पर उठाव करने को भी कहा है। जरूरत के मुताबिक उपार्जन केंद्रों के साथ अतिरिक्त उप संग्रहण केंद्र बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य सचिव ने शुक्रवार को मंत्रालय में राजस्व प्रशासन, धान खरीदी और सुशासन एवं अभिशरण विभाग के कामकाज की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कलेक्टरों को धान खरीदी व्यवस्था की लगातार निगरानी करने और किसी भी तरह की अव्यवस्था पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

समितियों में धान का भौतिक सत्यापन होगा

मुख्य सचिव ने सहकारी समितियों में जमा धान की स्थिति की जांच और उठाव की प्रक्रिया की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उपार्जन केंद्रों में धान का सुरक्षित संग्रहण हो और भंडारण की क्षमता के अनुसार व्यवस्था बनाई जाए। किसानों को भुगतान में देरी न हो और बारदानों की कमी से खरीदी प्रभावित न होने पाए।

CM हेल्पलाइन में शिकायतकर्ता की अधिकारी से सीधी बात

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर मिलने वाली शिकायतों के तेजी से निराकरण के लिए नई व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री एवं सुशासन एवं अभिशरण विभाग के सचिव राहुल भगत ने बताया कि अब शिकायतकर्ता नागरिकों की संबंधित अधिकारी से सीधे संवाद की व्यवस्था की जा रही है। इसका उद्देश्य शिकायतों के निराकरण को आसान और तेज बनाना है।

मुख्य सचिव ने राजस्व विभाग में नागरिकों की सुविधा के लिए किए जा रहे सुधारों की भी जानकारी ली। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, संभागायुक्त और जिलों के कलेक्टर मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button