ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जशपुर के 19 गांवों को मिलेगी बेहतर बिजली, 29.32 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात: CM साय ने दो सब स्टेशन का किया लोकार्पण, महतारी सदन और मिनी स्टेडियम भी बनेगा

जशपुर। जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के 19 गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम जोकारी में 4.45 करोड़ रुपए की लागत से बने दो 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण किया।

इसके साथ ही लोक निर्माण और सेतु विभाग के 29.32 करोड़ रुपए के पांच विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 6.55 करोड़ रुपए के एक कार्य का लोकार्पण और 22.77 करोड़ रुपए के चार कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ वनांचलों और अंतिम छोर के गांवों तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

दो सब स्टेशन से 19 गांवों को फायदा

काईकछार और बालाछापर में बने विद्युत उपकेंद्रों से आसपास के 19 गांवों को बेहतर बिजली मिलेगी। काईकछार सब स्टेशन से 9 गांव और बालाछापर उपकेंद्र से 10 गांव लाभान्वित होंगे। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ कृषि और अन्य ग्रामीण गतिविधियों को भी फायदा होगा।

सामाजिक भवन और खेल मैदान की घोषणा

कार्यक्रम में सीएम ने ग्राम बनकम्बो में चीक समाज के लिए 50 लाख रुपए की लागत से सामाजिक भवन बनाने की घोषणा की। जोकारी में 30 लाख रुपए की लागत से महतारी सदन बनाया जाएगा। इसके अलावा गांव में मिनी स्टेडियम और खेल मैदान निर्माण की भी घोषणा की गई।

महतारी सदन में महिलाओं को सामूहिक गतिविधियों और बैठकों के लिए जगह मिलेगी, वहीं मिनी स्टेडियम से स्थानीय युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।

गांवों के विकास पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अधोसंरचना निर्माण के साथ महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं को अवसर देने पर भी काम कर रही है। उनका कहना था कि गांवों की खुशहाली और समृद्धि से ही सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण होगा।

Related Articles

Back to top button