ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

महादेव सट्टा केस: हिमांशु शेखर 10 दिसंबर तक जेल भेजा गया: सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ लेने का आरोप, बचाव पक्ष बोला- लेन-देन का सबूत नहीं

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में आरोपी हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को रायपुर की स्पेशल PMLA कोर्ट ने 10 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

शनिवार को ED की 14 दिन की कस्टडी रिमांड पूरी होने के बाद एजेंसी ने उसे कोर्ट में पेश किया। ED ने आगे पूछताछ के लिए रिमांड नहीं मांगी, लेकिन 14 दिन की न्यायिक हिरासत की मांग की थी।

हिमांशु पर महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपए लेने का आरोप है। हालांकि, आरोपी ने इन आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि उसने सौरभ से कोई रकम नहीं ली और ED के पास लेन-देन का कोई सबूत नहीं है।

बचाव पक्ष बोला- बैंक ट्रांजेक्शन का प्रमाण नहीं

हिमांशु के वकील फैजल रिजवी ने कोर्ट में कहा कि 15 करोड़ रुपए लेने के आरोप के समर्थन में कोई बैंक ट्रांजेक्शन या ठोस सबूत पेश नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हिमांशु किसी बार काउंसिल में पंजीकृत वकील नहीं है, बल्कि लॉ फर्म में काम करता है।

जेल में सुरक्षा देने के निर्देश

पेशी के दौरान हिमांशु ने अपनी जान को खतरा बताते हुए जेल में सुरक्षा की मांग की। कोर्ट ने जेलर को नियमों के अनुसार उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उसे सेंट्रल जेल भेज दिया गया।

दुबई मुलाकात और हवाला लेन-देन की जांच

ED के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर ने पूछताछ में दावा किया था कि केस रफा-दफा कराने के लिए हिमांशु को 15 करोड़ रुपए दिए गए। एजेंसी दुबई में दोनों की मुलाकातों और कथित हवाला लेन-देन की जांच कर रही है। तलाशी में मिले हाथ से लिखे नोट्स में करोड़ों रुपए के लेन-देन और हवाला ऑपरेटरों के नामों का उल्लेख मिलने की बात भी ED ने कोर्ट में कही है।

हिमांशु ने ED को बताया कि उसे प्रमोटरों से 40 लाख और वसीम कुरैशी से 25 लाख रुपए प्रोफेशनल फीस के रूप में बैंक के जरिए मिले थे। एजेंसी अब इन रकमों और कंपनी के वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Back to top button