सौर ऊर्जा से कमाई करेगी जशपुर की कुंजारा पंचायत: 2 करोड़ से लगा 280 किलोवाट का प्लांट, हर साल मिलेंगे 18.75 लाख रुपए

जशपुर। जशपुर जिले की ग्राम पंचायत कुंजारा अब बिजली उत्पादन से कमाई करेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुनकुरी विकासखंड में 2 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित 280 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण किया।
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत स्थापित यह छत्तीसगढ़ की अपनी तरह की पहली परियोजना है। इससे पंचायत को हर साल करीब 18.75 लाख रुपए की आय होने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों की वास्तविक आत्मनिर्भरता तभी संभव है, जब पंचायतों के पास विकास कार्यों के लिए आय के स्थायी स्रोत हों। कुंजारा की यह पहल प्रदेश की दूसरी पंचायतों के लिए भी मॉडल बनेगी।
सरकारी दफ्तरों की बिजली से पंचायत को आय
सौर संयंत्र से सालाना करीब 4 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन होगा। यह बिजली सीधे ग्रिड में जाएगी। वर्चुअल नेट मीटरिंग के जरिए इसका समायोजन जशपुर जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों की बिजली खपत से किया जाएगा।
इस व्यवस्था में ग्राम पंचायत को 5 रुपए प्रति यूनिट की दर से लाभांश मिलेगा। राशि पंचायत के खाते में जमा होगी और ग्रामसभा के प्रस्ताव के आधार पर गांव के विकास, अधोसंरचना और जनसुविधाओं पर खर्च की जा सकेगी। परियोजना का संचालन क्रेडा ने किया है। इसके लिए बिजली विभाग, ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत कुनकुरी के बीच एमओयू भी हुआ है।
सीसी रोड और दो सामुदायिक भवन बनेंगे
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कुंजारा में 20 लाख रुपए की लागत से सीसी सड़क बनाने की घोषणा की। इसके अलावा श्री टोली और कुंजारा में शिव मंदिर के पास सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने की अपील भी की।
सीएम साय ने कहा कि सौर ऊर्जा पर्यावरण संरक्षण के साथ बिजली खर्च में बचत का माध्यम है। कुंजारा की परियोजना से पंचायत को नियमित आय मिलेगी और गांव अपने विकास की जरूरतों के लिए आर्थिक रूप से मजबूत बन सकेगा।





