SBI की लापरवाही से 50 हजार का चेक हुआ बेकार, उपभोक्ता आयोग ने लगाया 60 हजार का जुर्माना

सर्वर डाउन होने की दलील भी नहीं आई काम; 45 दिन में चेक की रकम, मानसिक क्षतिपूर्ति और वाद व्यय चुकाने का आदेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में चेक क्लियरिंग में दो दिन की देरी भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को भारी पड़ गई। बैंक की दिग्विजय स्टेडियम शाखा ने 50 हजार रुपए का चेक समय पर क्लियरिंग के लिए नहीं भेजा।
इस दौरान चेक की 90 दिन की वैधता खत्म हो गई और भुगतान अटक गया। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने इसे बैंक की सेवा में कमी मानते हुए 60 हजार रुपए देने का आदेश दिया है।
शांति नगर वार्ड-4 निवासी खिलेश्वर सिन्हा का खाता SBI की दिग्विजय स्टेडियम शाखा में है। उन्हें रवि वैष्णव ने जना स्मॉल फाइनेंस बैंक, दुर्ग का 50 हजार रुपए का चेक दिया था। 21 नवंबर 2025 को जारी यह चेक उन्होंने 18 फरवरी 2026 को SBI में जमा किया था। उस समय चेक की वैधता बाकी थी।
एक दिन की देरी से खत्म हो गई चेक की मियाद
परिवादी के मुताबिक, 19 फरवरी को कार्यालयीन दिवस होने के बावजूद बैंक ने चेक क्लियरिंग के लिए नहीं भेजा। इसे 20 फरवरी को आगे भेजा गया। इसके बाद 21 फरवरी को चेक की अवधि समाप्त होने के कारण उसे ‘इंस्ट्रूमेंट आउटडेटेड/स्टेल’ बताकर लौटा दिया गया।
बैंक ने सफाई में कहा कि 19 फरवरी को सर्वर डाउन और नेटवर्क की समस्या के कारण क्लियरिंग नहीं हो सकी थी। हालांकि, आयोग में बैंक इस दावे के समर्थन में कोई दस्तावेजी सबूत पेश नहीं कर सका।
बैंक की दलील को आयोग ने नहीं माना
आयोग ने कहा कि पूरे कार्यालयीन समय में सर्वर डाउन रहने की बात साबित करने की जिम्मेदारी बैंक की थी। केवल तकनीकी खराबी का हवाला देकर बैंक अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता। आदेश में सुप्रीम कोर्ट के कैनरा बैंक बनाम कविता चौधरी मामले का भी उल्लेख किया गया।
आयोग के सदस्य डॉ. आनंद वर्गिस ने 26 नवंबर 2026 को फैसला सुनाते हुए परिवाद आंशिक रूप से स्वीकार किया। बैंक को 50 हजार रुपए चेक की रकम, 5 हजार रुपए मानसिक क्षतिपूर्ति और 5 हजार रुपए वाद व्यय के रूप में देने होंगे।
45 दिन में भुगतान नहीं किया तो ब्याज भी
आयोग ने बैंक को 45 दिन के भीतर कुल 60 हजार रुपए चुकाने का आदेश दिया है। तय समय में भुगतान नहीं करने पर आदेश की तारीख से पूरी राशि पर 6 प्रतिशत सालाना ब्याज भी देना होगा।





