ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 25 जनवरी से घर-घर होगी जनगणना: 33 जिलों में 62 हजार प्रगणक जुटेंगे; 10 जनवरी से खुद भी भर सकेंगे जानकारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। इससे पहले 10 से 24 जनवरी तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। यह विकल्प ऐच्छिक होगा। यानी लोग चाहें तो अपनी जानकारी खुद दर्ज कर सकेंगे या प्रगणक के आने का इंतजार कर सकते हैं।

जनगणना की तैयारियों को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कार्यशाला हुई। इसमें सभी संभागायुक्तों, कलेक्टरों और जिला जनगणना अधिकारियों को समय-सीमा में काम पूरा करने और मैदानी स्तर पर निगरानी के निर्देश दिए गए।

33 जिलों में 62 हजार से ज्यादा प्रगणक तैनात होंगे

जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल ने बताया कि दूसरे चरण में प्रदेश के सभी 33 जिलों, 14 नगर निगमों, 19,978 गांवों और 195 नगरीय क्षेत्रों में गणना होगी। इसके लिए करीब 60,682 गणना ब्लॉक बनाए जाएंगे। इनमें 10 प्रतिशत आरक्षित कर्मियों सहित कुल 62,102 प्रगणकों और 10,667 पर्यवेक्षकों की जरूरत होगी। प्रत्येक गणना ब्लॉक में औसतन 800 लोगों की आबादी शामिल होगी।

16 भाषाओं में उपलब्ध होगा मोबाइल एप

जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से होगी। इसके लिए विशेष मोबाइल एप तैयार किया गया है, जो 16 भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। इंटरनेट नहीं होने पर भी ऑफलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी। नागरिकों की जानकारी की सुरक्षा के लिए पासवर्ड, OTP और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल होगा।

5 मार्च तक चलेगा पुनरीक्षण

स्व-गणना के बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक घर-घर सर्वे होगा। इसके बाद 1 से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण किया जाएगा। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि जनगणना में दी गई जानकारी का इस्तेमाल केवल आंकड़े जुटाने के लिए होगा। इसका किसी प्रमाण पत्र या सरकारी योजना की पात्रता से संबंध नहीं है। अधिकारियों को जनगणना में लगे कर्मचारियों के प्रशिक्षण और नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button