ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

स्कूलों में 27 नवंबर से मनेगा ‘महतारी भाखा सम्मान सप्ताह’: छत्तीसगढ़ी में निबंध, भाषण और लोकगीत प्रतियोगिताएं होंगी; विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार

रायपुर। छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों के शासकीय स्कूलों में 27 नवंबर से 5 दिसंबर तक ‘महतारी भाखा सम्मान सप्ताह’ मनाया जाएगा।

इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ी भाषा, स्थानीय बोलियों और संस्कृति से जोड़ना है। संस्कृति विभाग ने इस आयोजन के लिए स्कूल शिक्षा विभाग को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सप्ताहभर मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में अलग-अलग प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।

निबंध से लेकर लोकगीत तक की प्रतियोगिताएं

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मिडिल स्कूलों में निबंध प्रतियोगिता से शुरुआत होगी। 28 नवंबर को छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की ओर से रायपुर में राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ी दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 30 नवंबर को मिडिल स्कूलों में भाषण प्रतियोगिता होगी।

1 दिसंबर को हाई स्कूलों में वाद-विवाद और 2 दिसंबर को लोकगीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। हायर सेकेंडरी स्कूलों में 3 दिसंबर को निबंध और 4 दिसंबर को भाषण प्रतियोगिता होगी। वहीं, 5 दिसंबर को महाविद्यालय स्तर पर वाद-विवाद प्रतियोगिता रखी गई है।

निबंध के लिए 200 शब्दों की सीमा

निबंध प्रतियोगिता के लिए अधिकतम 200 शब्द और 45 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। भाषण, वाद-विवाद और लोकगीत प्रतियोगिताओं में प्रत्येक प्रतिभागी को पांच मिनट मिलेंगे। निर्णायक मंडल और आयोजन स्थल का चयन स्कूल शिक्षा विभाग करेगा।

तीन विजेताओं को मिलेगा सम्मान

प्रत्येक जिले में मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूल स्तर पर प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को संस्कृति विभाग प्रशस्ति पत्र और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करेगा। विभाग को प्रतिदिन की गतिविधियों, प्रतिभागियों की संख्या और विजेताओं की नामवार जानकारी भी भेजनी होगी।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की स्थापना 14 अगस्त 2008 को हुई थी। आयोग छत्तीसगढ़ी और स्थानीय भाषाओं के साहित्य, अनुसंधान, अनुवाद और प्रचार-प्रसार के लिए काम करता है। महतारी भाखा सम्मान सप्ताह के जरिए नई पीढ़ी को अपनी भाषाई और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की पहल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button