StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 800 से ज्यादा बाल विवाह रुकवाए गए: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने 100 दिवसीय जागरूकता अभियान शुरू किया, बाल विवाह मुक्ति रथ रवाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने 100 दिवसीय जन-जागरण अभियान शुरू किया है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़-जन-संवाद’ कार्यक्रम में अभियान का शुभारंभ किया।

उन्होंने बाल विवाह मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मंत्री ने कहा कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और भविष्य को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक चुनौती है।

सूचना मिलने पर 800 से ज्यादा बाल विवाह रोके

मंत्री राजवाड़े ने बताया कि प्रदेश में अब तक सूचना मिलने पर 800 से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए हैं। बाल विवाह रोकथाम के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 भी सक्रिय है। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ने, आगे बढ़ने और अपनी राह चुनने का अवसर देना परिवार और समाज की साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि बालोद जिले की 436 ग्राम पंचायतों और 9 नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त होने का प्रमाणपत्र दिया गया है। वहीं सूरजपुर जिले की 75 ग्राम पंचायतें भी बाल विवाह मुक्त घोषित की गई हैं।

गांव-गांव तक पहुंचेगा जागरूकता अभियान

मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 10 मार्च 2024 को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान शुरू किया गया था। पंचायतों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्थानीय प्रशासन और समुदाय की मदद से गांवों में जागरूकता गतिविधियां चलाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 27 नवंबर 2024 को शुरू हुआ बाल विवाह मुक्त भारत अभियान भी बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में बाल प्रहरियों ने बाल विवाह रोकने के अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान रोकथाम में साहसिक भूमिका निभाने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया और उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने की शपथ दिलाई गई।

2030 तक देश को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य

मंत्री ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नोनी सुरक्षा योजना और महतारी वंदन योजना जैसी पहल बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर दे रही हैं। लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को बाल विवाह मुक्त बनाया जाए। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव शहला निगार, डॉ. वर्णिका शर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा और उद्धेश्वरी पैकरा सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button