8 महीने में दरकने लगा सरकारी स्कूल भवन, 1.21 करोड़ की लागत पर सवाल

रायगढ़। पुसौर विकासखंड के ग्राम रेंगालपाली में करीब आठ महीने पहले लोकार्पित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नवनिर्मित भवन अब सवालों के घेरे में है। 1 करोड़ 21 लाख 16 हजार रुपए की लागत से तैयार इस भवन की दीवारों में बड़ी दरारें दिखाई देने लगी हैं। वहीं, बारिश के दौरान छत से पानी रिसने की शिकायत भी सामने आई है। इससे भवन की निर्माण गुणवत्ता और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
इस भवन का लोकार्पण प्रदेश के वित्त मंत्री और स्थानीय विधायक ओपी चौधरी ने किया था। लोकार्पण के दौरान भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस बताया गया था। इसमें 9 कक्षाएं, स्मार्ट क्लास, दो प्रयोगशालाएं, लाइब्रेरी और छात्र-छात्राओं के लिए अलग प्रसाधन कक्ष बनाए गए हैं। भवन से 300 से अधिक विद्यार्थियों को सुविधा मिलने की बात कही गई थी।
अब भवन की दीवारों में दरारें और छत से पानी का रिसाव सामने आने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी कम अवधि में नई इमारत में इस तरह की समस्या सामने आना गंभीर मामला है। सवाल यह भी है कि निर्माण के दौरान गुणवत्ता की निगरानी और तकनीकी जांच किस स्तर पर की गई।
DEO ने जांच के दिए निर्देश
मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानन्द साहू ने कहा कि भवन की गुणवत्ता की जांच के लिए बीईओ को मौके पर भेजा जाएगा। निर्माण एजेंसी से संबंधित रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई के लिए उच्च कार्यालय को पत्र भेजा जाएगा।
फिलहाल स्कूल भवन में सामने आई खामियों के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों की नजर जांच पर है। अब देखना होगा कि जांच में निर्माण में लापरवाही सामने आती है या नहीं और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई की जाती है।





