ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

LPG e-KYC की समय सीमा खत्म: छत्तीसगढ़ में 6 लाख से ज्यादा गैस कनेक्शन ब्लॉक, ऑनलाइन बुकिंग बंद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में घरेलू गैस कनेक्शन की e-KYC कराने की समय सीमा 23 अगस्त को खत्म हो चुकी है। पेट्रोलियम कंपनियों के अनुसार प्रदेश में करीब 70 लाख गैस ग्राहक हैं, जिनमें 6 लाख से ज्यादा लोगों ने अब तक e-KYC नहीं कराई है।

ऐसे उपभोक्ताओं के कनेक्शन अब ब्लॉक किए जा रहे हैं। इसका सीधा असर गैस सिलेंडर की बुकिंग पर पड़ रहा है। बिना सत्यापन वाले ग्राहकों की ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही है।

गैस एजेंसी पहुंचने पर उपभोक्ताओं को पहले e-KYC कराने के लिए कहा जा रहा है। कंपनियों के अनुसार आने वाले दिनों में इस प्रक्रिया को और सख्त किया जाएगा। अभी जिन ग्राहकों की बुकिंग किसी तरह हो भी रही है, उसे भी बाद में रोका जा सकता है।

रायपुर में 30 हजार से ज्यादा ग्राहकों ने नहीं कराई KYC

रायपुर जिले में HPCL, BPCL और इंडेन के करीब 7 लाख ग्राहक हैं। अंतिम तारीख तक 30 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं ने e-KYC नहीं कराई थी। इनके कनेक्शन भी ब्लॉक किए जा रहे हैं। प्रदेश में इंडेन के ग्राहकों की संख्या सबसे ज्यादा बताई जा रही है, इसलिए e-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं में भी इस कंपनी के ग्राहक अधिक हैं।

कंपनियों ने गैस एजेंसियों को भी ऐसे ग्राहकों का सत्यापन जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। जिन उपभोक्ताओं का e-KYC अपडेट नहीं दिख रहा, उन्हें फोन कर एजेंसी बुलाया जा रहा है।

सिर्फ 2 मिनट में हो जाएगा सत्यापन

गैस एजेंसी संचालकों के मुताबिक e-KYC की प्रक्रिया काफी आसान है। उपभोक्ता को आधार कार्ड और गैस कनेक्शन से संबंधित दस्तावेज लेकर एजेंसी जाना होगा।

वहां कर्मचारी मोबाइल से फोटो लेकर सत्यापन पूरा कर देते हैं। पेट्रोलियम कंपनियों के मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे भी e-KYC कराने की सुविधा उपलब्ध है।

फर्जी कनेक्शन की भी होगी पहचान

e-KYC नहीं कराने वाले ग्राहकों में एक ही नाम या पते पर कई कनेक्शन, दूसरे शहरों में जा चुके उपभोक्ता और मृत लोगों के नाम पर चल रहे कनेक्शन भी शामिल हो सकते हैं।

कंपनियों का मानना है कि सत्यापन से ऐसे संदिग्ध और फर्जी कनेक्शनों की पहचान करने में मदद मिलेगी। BPCL डिस्ट्रीब्यूटर संघ के प्रदेशाध्यक्ष मुरारी गौर ने उपभोक्ताओं से जल्द e-KYC कराने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button