सारंगढ़ में आंगन मिलन समारोह: गर्भवती माताओं की गोदभराई, बांटे पोषण किट

राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव हुए शामिल; बच्चों से की बातचीत, पोषण प्रदर्शनी का भी अवलोकन
रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत सारंगढ़ के झारियापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में रविवार को ‘आंगन मिलन सेवा समारोह’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव शामिल हुए। दोनों मंत्रियों ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म में हिस्सा लिया और उन्हें पोषण किट वितरित किए।
मंत्रियों ने आंगनबाड़ी केंद्र में संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य और खान-पान का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिला और नवजात के बेहतर स्वास्थ्य के लिए परिवार की भूमिका महत्वपूर्ण है। बच्चों के जन्म के बाद उनके संतुलित पोषण और नियमित देखभाल पर भी ध्यान देना जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री आंगनबाड़ी के बच्चों के बीच बैठे और उनसे पढ़ाई, खेलकूद और केंद्र में होने वाली गतिविधियों के बारे में बातचीत की। बच्चों ने भी उत्साह के साथ अतिथियों का स्वागत किया। इससे कार्यक्रम में आत्मीय माहौल नजर आया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य सामग्री और पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मंत्रियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर खाद्य पदार्थों के पोषण मूल्य की जानकारी ली।
समारोह का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों और स्थानीय समुदाय के बीच जुड़ाव बढ़ाने के साथ महिलाओं को संतुलित आहार, गर्भावस्था के दौरान जरूरी सावधानियों और बच्चों के शारीरिक-मानसिक विकास में पोषण की भूमिका के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, कलेक्टर, एसपी, जिला पंचायत अध्यक्ष, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, हितग्राही महिलाएं और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।





