रफ्तार का कहर: अलग-अलग सड़क हादसों में 2 की मौत, 2 गंभीर घायल

कांकेर/बालोद। छत्तीसगढ़ के कांकेर और बालोद जिले में बीते 24 घंटे के दौरान हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों घटनाओं में तेज रफ्तार और सड़क पर खड़े वाहन हादसे की बड़ी वजह बने। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। ग्राम किनारी से तीन लोग बाइक पर सवार होकर दल्लीराजहरा की ओर जा रहे थे। सीटी ढाबा के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तिलक कमेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में बाइक पर सवार रमिता कमेटी और जमुना मंडावी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात वाहन ने अधेड़ को कुचला
दूसरा हादसा बालोद जिले में सोरर गांव के पास हुआ। यहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 56 वर्षीय ननकी विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वह करहीभदर से अपने गांव लिमोरा जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते ही बालोद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



