ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर के थाने में करंट से युवक की मौत: वाटर कूलर छूते ही लगा झटका, बचाने पहुंचा आरक्षक भी झुलसा

रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना परिसर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर को छूते ही 32 वर्षीय युवक करंट की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से युवक मौके पर ही बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

उसे बचाने पहुंचे पुलिस आरक्षक भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आकर झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान रमेश ठाकुर (32), निवासी बिल्हा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमेश किसी काम से विधानसभा थाना आया था। इसी दौरान वह थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर के पास पानी पीने पहुंचा। जैसे ही उसने वाटर कूलर को छुआ, उसे जोरदार करंट लगा और वह बेसुध होकर जमीन पर गिर गया।

युवक को बचाने पहुंचे आरक्षक को भी लगा करंट

रमेश को करंट लगते देखकर आसपास मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े। इसी दौरान आरक्षक गणेश भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गए और झुलस गए।

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने रमेश को मृत घोषित कर दिया। घायल आरक्षक गणेश का इलाज जारी है।

मर्ग कायम, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू

हादसे के बाद थाना परिसर में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। विधानसभा पुलिस ने मर्ग कायम कर युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button