छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड, अगले 2 दिन में 2 डिग्री तक गिरेगा पारा

अंबिकापुर में सबसे कम 12.9°C तापमान दर्ज, रायपुर में रात का पारा 19 डिग्री के करीब; फिलहाल बारिश के आसार नहीं
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ने लगा है। दिन में भले ही गर्मी महसूस हो रही हो, लेकिन रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश के आसार नहीं हैं।
बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 12.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे साफ है कि सरगुजा संभाग में ठंड का असर मैदानी इलाकों की तुलना में ज्यादा महसूस होने लगा है।
रायपुर में साफ रहेगा आसमान
राजधानी रायपुर में भी रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, 9 नवंबर को शहर में आसमान साफ रहने की संभावना है।
यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। रविवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री दर्ज किया गया था।
मौसम सिस्टम का नहीं दिखेगा खास असर
मौसम विभाग के मुताबिक, समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर दक्षिण छत्तीसगढ़ से झारखंड होते हुए उत्तर-पूर्व बिहार तक द्रोणिका बनी हुई है। हालांकि, इसका प्रदेश के मौसम पर कोई खास असर नहीं पड़ रहा है। अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। विभाग ने फिलहाल किसी भी जिले के लिए चेतावनी जारी नहीं की है।





