दिवाली की रात डुमरतराई थोक मार्केट में भीषण आग, 3 दुकानें जलकर राख

स्टेशनरी और कन्फेक्शनरी की दुकानों में करोड़ों के नुकसान की आशंका; दमकल, SDRF और निजी प्लांटों की करीब 10 गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
रायपुर। राजधानी रायपुर के डुमरतराई थोक मार्केट में दिवाली की रात आग ने भारी तबाही मचा दी। अनाज मंडी स्थित तीन दुकानों में भीषण आग लगने से करोड़ों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में तीनों दुकानें लपटों की चपेट में आ गईं। आसमान में उठता धुएं का गुबार और आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। घटना के बाद मार्केट में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, घटना 8 नवंबर की देर रात माना थाना क्षेत्र की डुमरतराई मंडी में हुई। आग दीपक ट्रेडर्स, व्यंकटेश इंटरप्राइजेज और जयराम स्टेश्वरी नाम की दुकानों में लगी। ये दुकानें मंडी के B-164, B-165 और B-166 नंबर पर स्थित हैं। यहां स्टेशनरी और कन्फेक्शनरी का सामान रखा हुआ था। दुकानों में बड़ी मात्रा में सामान होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। इस दौरान अंदर से कई धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं।
करीब 10 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग, SDRF और निजी प्लांटों की करीब 10 गाड़ियों को लगाया गया। टीमों ने काफी मशक्कत कर आग बुझाने का प्रयास किया। आग की भयावहता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य में अतिरिक्त संसाधन भी लगाए गए।
आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं
फिलहाल आग लगने का कारण सामने नहीं आया है। शुरुआती तौर पर करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का वास्तविक आकलन हो सकेगा। माना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।





