StateNewsकमर्शियलदेश - विदेश

दिल्ली-NCR में CNG 3.89 महंगी, अब 86.98 प्रति किलो; LNG की बढ़ती कीमत और मांग बनी वजह

दिल्ली। दिल्ली-NCR में CNG की कीमत में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG के दाम ₹3.89 प्रति किलो बढ़ाने का फैसला किया है। नई कीमत शनिवार सुबह 6 बजे से लागू होगी। इसके बाद दिल्ली में CNG ₹83.09 से बढ़कर ₹86.98 प्रति किलो हो जाएगी। इस साल CNG की कीमत में यह पांचवीं बढ़ोतरी है।

कंपनी के मुताबिक, कीमत बढ़ाने के पीछे LNG की बढ़ती आयात लागत, अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्राकृतिक गैस के दाम में तेजी और घरेलू स्तर पर CNG की बढ़ती मांग प्रमुख कारण हैं। इससे पहले मई में पश्चिम एशिया में तनाव के दौरान अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों में उछाल आया था। उस समय IGL ने करीब 10 दिनों में चार चरणों में CNG की कीमत कुल ₹6 प्रति किलो बढ़ाई थी।

नोएडा-गाजियाबाद में 95.59

नई दर लागू होने के बाद नोएडा और गाजियाबाद में CNG 95.59 प्रति किलो मिलेगी। मेरठ में इसकी कीमत 95.47 और गुरुग्राम में 92.01 प्रति किलो होगी। अलग-अलग राज्यों में VAT समेत अन्य स्थानीय करों के कारण CNG के दाम अलग रहते हैं। IGL ने कहा है कि कीमत बढ़ने के बावजूद CNG दूसरे ईंधनों की तुलना में किफायती विकल्प बनी हुई है।

होर्मुज संकट से बढ़ी LNG की लागत

कंपनी के अनुसार पश्चिम एशिया के संकट से होर्मुज स्ट्रेट के जरिए LNG की सप्लाई और माल ढुलाई प्रभावित हुई है। वैश्विक LNG कीमतें संकट से पहले की तुलना में करीब दोगुनी हो गई हैं। यूरोप में सर्दियों से पहले गैस भंडारण बढ़ाने की जरूरत ने भी कीमतों पर दबाव बढ़ाया है।

ऑटो-टैक्सी और माल ढुलाई पर असर

दिल्ली-NCR में बड़ी संख्या में ऑटो, टैक्सी, बस और मालवाहक वाहन CNG से चलते हैं। ऐसे में ईंधन महंगा होने से वाहन संचालन लागत बढ़ सकती है। इसका असर आगे चलकर यात्री किराए और माल ढुलाई की लागत पर भी पड़ सकता है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में एशिया के JKM LNG बेंचमार्क की कीमत फरवरी में करीब 11 डॉलर प्रति MMBTU से बढ़कर अगस्त में 23.4 डॉलर हो गई। यूरोप के TTF बेंचमार्क में भी इसी अवधि में लगभग दोगुनी बढ़ोतरी हुई है।

Related Articles

Back to top button