धनतेरस पर रायपुर के ज्वेलरी शॉप में चोरी: ग्राहक बनकर आई महिला सोने का हार लेकर फरार, CCTV में कैद हुई करतूत

सदर बाजार की आनंद ज्वेलर्स में वारदात; कर्मचारियों का ध्यान भटकाकर काउंटर से हार किया पार, पुलिस फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी
रायपुर। धनतेरस के मौके पर राजधानी के सदर बाजार में एक महिला ठग ने ज्वेलरी दुकान से सोने का हार पार कर दिया। महिला ग्राहक बनकर आनंद ज्वेलर्स पहुंची थी। उसने दुकान के कर्मचारियों का ध्यान भटकाया और मौका मिलते ही काउंटर पर रखा सोने का हार अपने पास छिपा लिया। इसके बाद वह आराम से दुकान से निकल गई। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर बाजार हलवाई लाइन का है। दुकान संचालक आनंद पारख के मुताबिक, महिला बेहद शातिर तरीके से दुकान में आई और कर्मचारियों को बातचीत में उलझाकर वारदात को अंजाम दिया। शुरुआत में किसी को चोरी का पता नहीं चला।
स्टॉक मिलाने पर हुआ चोरी का खुलासा
दुकान के कर्मचारियों ने जब स्टॉक का मिलान किया तो सोने का हार गायब मिला। इसके बाद दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। वीडियो में साड़ी पहने एक महिला काउंटर के पास खड़ी दिखाई दे रही है। इसी दौरान वह सोने का हार उठाकर अपने पास छिपाती नजर आ रही है।
CCTV फुटेज से महिला की तलाश
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकान के CCTV फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। महिला की पहचान के लिए आसपास की दुकानों और बाजार में लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस उसके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
त्योहारी सीजन में सराफा बाजार की दुकान में हुई इस चोरी से व्यापारियों में चिंता है। पुलिस फुटेज के आधार पर महिला की पहचान कर उसकी तलाश कर रही है।





