ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

उप मुख्यमंत्री अरुण साव का वादा पूरा, कोटा नगर पंचायत से बना नगर पालिका

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने बिलासपुर जिले के कोटावासियों से किया गया अपना वादा पूरा कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने कोटा नगर पंचायत को नगर पालिका में उन्नत करने संबंधी अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित कर दी है। इसके साथ ही कोटा को आधिकारिक रूप से नगर पालिका का दर्जा मिल गया है।

विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार वर्तमान नगर पंचायत कोटा की सीमाएं ही नई नगर पालिका कोटा की सीमाएं मानी जाएंगी। नगर पालिका का दर्जा मिलने से क्षेत्र में शहरी विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, बेहतर नागरिक सेवाओं और विकास योजनाओं के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कोटा की बढ़ती आबादी, शहरी विस्तार और नागरिक सुविधाओं की जरूरतों को देखते हुए इसे नगर पालिका का दर्जा दिया गया है। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क, पेयजल, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य शहरी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

कोटा को नगर पालिका बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब अधिसूचना जारी होने के बाद क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। नगर पालिका बनने से कोटा में नई विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और शहरी ढांचे को मजबूत करने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

Related Articles

Back to top button