ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा से गूंजेगा छत्तीसगढ़ का सांस्कृतिक गौरव, 1000 विशिष्टजन जाएंगे सोमनाथ धाम

रायपुर। भारतीय संस्कृति, आस्था और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक सोमनाथ धाम से जुड़ने के लिए छत्तीसगढ़ से एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक यात्रा की शुरुआत होने जा रही है। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत 22 से 26 जून 2026 तक आयोजित होने वाली “सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा” में प्रदेश के 1000 विशिष्टजन विशेष ट्रेन के माध्यम से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम पहुंचेंगे। यात्रा का शुभारंभ 22 जून को सुबह 9 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन से होगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल इसकी अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा सांसद, विधायक, महापौर और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।

यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना और गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक प्रयास है। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय अभियान के तहत छत्तीसगढ़ की यह यात्रा देश की सांस्कृतिक जड़ों, आध्यात्मिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संदेश देगी।

यात्रा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित पद्म पुरस्कार प्राप्त हस्तियां, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित कलाकार, साहित्यकार, संस्कृति कर्मी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। विशेष बात यह है कि प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्रों की पवित्र मिट्टी और नदियों का जल लेकर सोमनाथ धाम पहुंचेंगे, जो देश की सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक समरसता का प्रतीक बनेगा।

सोमनाथ प्रवास के दौरान प्रतिभागियों को मंदिर दर्शन के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, कला यात्राओं और ऐतिहासिक-धार्मिक स्थलों के भ्रमण का अवसर मिलेगा। इससे विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक प्रतिनिधियों के बीच संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान भी बढ़ेगा।

संस्कृति विभाग ने यात्रा को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रतिभागियों के स्वास्थ्य परीक्षण, यात्रा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। विशेष ट्रेन के संचालन और समन्वय के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंप दी गई हैं।

Related Articles

Back to top button