ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राहुल गांधी का अभनपुर दौरा खत्म: जिलाध्यक्षों को दी ट्रेनिंग, लौटते वक्त चाय टपरी पर रुका काफिला

रायपुर। छत्तीसगढ़ के अभनपुर में कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का दौरा रविवार को करीब चार घंटे बाद समाप्त हो गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम खत्म होने के बाद राहुल गांधी रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। इस दौरान एयरपोर्ट के पास अचानक उनका चाय पीने का कार्यक्रम बन गया। राहुल गांधी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव और कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट भी मौजूद रहे।

अभनपुर के चांदी मोड़ स्थित आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी ने जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ विशेष संवाद किया।

उन्होंने संगठन विस्तार, बूथ स्तर की मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर नेताओं को मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने वरिष्ठ नेताओं और पूर्व मंत्रियों से भी करीब 40 मिनट तक चर्चा की। बताया गया कि लगभग 70 नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने भी उनसे मुलाकात की।

हालांकि कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प घटनाक्रम भी देखने को मिला। राहुल गांधी के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे। भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत कुछ समय के लिए मुख्य गेट के बाहर ही रह गए। इसका वीडियो भी सामने आया है।

राहुल गांधी के दौरे को लेकर लगाए गए पोस्टरों की भी चर्चा रही। कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व महापौर एजाज ढेबर की तस्वीरें बड़े आकार में दिखाई दीं, जबकि भूपेश बघेल और चरणदास महंत समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें अपेक्षाकृत छोटे आकार में लगी थीं।

दौरे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी भी देखने को मिली। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के तंज पर कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने पलटवार करते हुए उन्हें “एक्सीडेंटल विधायक” बताया। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, जल-जंगल-जमीन जैसे मुद्दों पर प्रस्तावित बड़े आंदोलन को लेकर राहुल गांधी अगले कुछ महीनों में फिर छत्तीसगढ़ का दौरा कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button