दिनदहाड़े किराना कारोबारी का अपहरण: घर के सामने से उठा ले गए बदमाश, CCTV में कैद हुई वारदात

जीपीएम। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की सीमा से लगे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में शनिवार को दिनदहाड़े हुए एक अपहरण ने सनसनी फैला दी।
मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम उषाढ़ में बेखौफ बदमाशों ने एक किराना व्यवसायी का उनके घर के सामने से ही अपहरण कर लिया। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, उषाढ़ निवासी किराना व्यवसायी गिरीश यादव शनिवार दोपहर अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक नीले रंग की बलेनो कार वहां आकर रुकी।
कार से उतरे दो हथियारबंद युवकों ने अचानक गिरीश यादव को पकड़ लिया और जबरन वाहन में बैठाने लगे। घर के सामने हो रही इस घटना को देखकर परिजन मौके पर पहुंचे और विरोध करने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर अलग कर दिया।
बताया जा रहा है कि गिरीश यादव उस समय अर्धनग्न अवस्था में थे। बदमाश उन्हें जबरन कार में ठूंसकर तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिजनों में दहशत फैल गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस हरकत में आ गई। जिले के सभी सीमावर्ती थानों और चेकपोस्टों को अलर्ट कर दिया गया है।
चूंकि घटना स्थल मध्य प्रदेश की सीमा के काफी करीब है, इसलिए अंतरराज्यीय नाकों पर भी सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं।
मरवाही पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने दावा किया है कि व्यवसायी की सुरक्षित बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।





