ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

गरज-चमक और बारिश का दौर जारी: 23 जून के बाद छत्तीसगढ़ में आगे बढ़ेगा मानसून

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल सक्रिय है और 23 जून के बाद इसके राज्य के अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मध्य और उत्तरी जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। बारिश के बावजूद राजधानी रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

खराब मौसम के बीच सक्ती जिले से दुखद खबर सामने आई है। ग्राम अंडा में शुक्रवार शाम घर के बाहर खेल रही 11 वर्षीय छात्रा दीप्ति चंद्रा पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।

इससे पहले रायगढ़ जिले में भी बारिश के दौरान दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए थे। लगातार हो रही बारिश और आंधी-तूफान से कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।

राजधानी रायपुर में शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और बिजली गिरने की आशंका वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। 23 जून के बाद मानसून की रफ्तार बढ़ने से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button