ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री ने गंभीर किडनी रोगी के इलाज के लिए मंजूर किए 3.95 लाख रुपए, अहमदाबाद में होगा ट्रांसप्लांट

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संवेदनशील और जनहितैषी निर्णय से जशपुर जिले के एक गंभीर किडनी रोगी को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत जशपुर निवासी 44 वर्षीय जितेन्द्र कुमार यादव के उपचार और किडनी प्रत्यारोपण के लिए 3 लाख 95 हजार 121 रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

जानकारी के अनुसार जितेन्द्र कुमार यादव लंबे समय से गंभीर किडनी रोग से पीड़ित हैं और उन्हें रेनल ट्रांसप्लांट की आवश्यकता है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण महंगे उपचार का खर्च उठाना उनके लिए संभव नहीं था। ऐसे में परिजनों ने मुख्यमंत्री के गृह ग्राम बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचकर आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तत्काल संज्ञान लिया और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत सहायता राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए। इसके बाद राज्य नोडल एजेंसी ने आदेश जारी करते हुए उपचार के लिए 3.95 लाख रुपए की मंजूरी प्रदान की।

स्वीकृत राशि का उपयोग गुजरात के अहमदाबाद स्थित जी.आर. दोशी एवं के.एम. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ किडनी एंड रिसर्च सेंटर में किडनी प्रत्यारोपण, इलाज और आवश्यक दवाइयों पर किया जाएगा। इस सहायता से मरीज के उपचार का रास्ता आसान हो गया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार गंभीर बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को समय पर आर्थिक सहायता दी जा रही है, ताकि धन के अभाव में किसी का इलाज प्रभावित न हो।

मुख्यमंत्री की इस पहल से मरीज और उनके परिजनों ने राहत महसूस की है। परिवार ने सहायता के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे जीवनदान देने वाला निर्णय बताया है। यह मामला राज्य सरकार की संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button