ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें: सीएम साय

अंबिकापुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हजारों नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं और जनप्रतिनिधियों के साथ योग किया।

इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की सनातन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ, संतुलित और शांतिपूर्ण जीवन का मार्ग दिखाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है।

उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की नींव रखता है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” वर्तमान समय की जरूरत को दर्शाती है।

बदलती जीवनशैली, बढ़ते तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग सबसे सरल और प्रभावी उपाय बनकर सामने आया है। योग नियमित रूप से करने से व्यक्ति शारीरिक रूप से सक्रिय, मानसिक रूप से सजग और भावनात्मक रूप से संतुलित रहता है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज दुनिया के अनेक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत का सम्मान है।

साय ने बताया कि राज्य सरकार योग के विस्तार और संस्थागत विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में योग विषय को समाज कल्याण विभाग से चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीन लाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।

उन्होंने कहा कि योग शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान को बढ़ावा देकर इसे गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं से विशेष रूप से योग अपनाने की अपील करते हुए कहा कि यह आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

Related Articles

Back to top button