ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

आमाकोनी को 28 लाख की सौगात: राजस्व मंत्री ने किया सामुदायिक भवन और प्रार्थना शेड का लोकार्पण

रायपुर/सुहेला | बलौदाबाजार-भाटापारा जिला प्रवास के दौरान रविवार को सूबे के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा तहसील सुहेला के ग्राम आमाकोनी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को बड़ी सौगात देते हुए कुल 28 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसमें 10 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक भवन और 18 लाख रुपए की लागत से तैयार प्रार्थना शेड व अहाता निर्माण शामिल है।

समग्र विकास के लिए सरकार कृतसंकल्पित

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा, “सुहेला क्षेत्र अब विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी समस्या का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाएगा।” उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हमने जनता से की गई ‘मोदी की गारंटी’ के सभी प्रमुख वादों को रिकॉर्ड समय में पूरा किया है।

कोई भी घर नहीं रहेगा कच्चा, मूलभूत सुविधाओं पर फोकस

ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा देते हुए मंत्री वर्मा ने एक बड़ा दावा किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में अकेले आमाकोनी ग्राम में 51 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण तेजी से चल रहा है। आने वाले समय में और भी नए आवास स्वीकृत किए जाएंगे, जिससे अगले 3 से 4 साल के भीतर क्षेत्र में एक भी घर कच्चा नहीं रहेगा।

सरकार हर घर में शुद्ध पेयजल, बिजली और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है। पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलने से हर परिवार में खुशहाली आएगी। उन्होंने ग्रामीणों से आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ रहकर गांव के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

इस गरिमामय लोकार्पण समारोह में जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, स्थानीय सरपंच सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और ग्रामवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button