जांजगीर-चांपा में ISI कनेक्शन का खुलासा: पंजाब का युवक गिरफ्तार, पाकिस्तान को भेज रहा था संवेदनशील सूचनाएं

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा पुलिस को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक मामले में बड़ी सफलता मिली है।
किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान अकलतरा से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है, जिस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े तत्वों के संपर्क में रहकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के मोबाइल से कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक मकान में किराएदारों का सत्यापन किया जा रहा था।
इसी दौरान पंजाब के तरनतारण जिले का निवासी 23 वर्षीय सेवक सिंह पुलिस के संदेह के दायरे में आया। पूछताछ में उसके जवाब संदिग्ध पाए जाने पर मोबाइल की जांच की गई, जिसमें पाकिस्तान, सऊदी अरब और अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के प्रमाण मिलने का दावा किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम के जरिए विदेशी नंबरों के संपर्क में था।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थलों, वाहनों के नंबर और अन्य जानकारियां पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स को भेज रहा था।
मोबाइल से चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल डेटा बरामद किया गया है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराने की योजना थी। पुलिस को आशंका है कि हथियार मिलने के बाद उसे टारगेट किलिंग जैसी गतिविधियों को अंजाम देने का जिम्मा दिया जा सकता था। हालांकि इन तथ्यों की अंतिम पुष्टि फोरेंसिक रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही होगी।
अकलतरा थाना में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसके नेटवर्क, विदेशी संपर्कों और संभावित सहयोगियों की गहन जांच कर रही हैं। मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।



