छत्तीसगढ़ में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, दक्षिण-मध्य हिस्सों में 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी से बने मौसमी सिस्टम के असर से बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के रायपुर केंद्र के मुताबिक 25 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों, पेड़ और कमजोर ढांचों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित पक्के स्थान पर रहने और बिजली उपकरणों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है।
डीप डिप्रेशन के कारण बढ़ा बारिश का असर
मौसम में बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ा सिस्टम है। 24 सितंबर के मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना सिस्टम डीप डिप्रेशन के रूप में सक्रिय था। इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने के कारण दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।
26 सितंबर को भी बारिश की संभावना
26 सितंबर को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 27 सितंबर को भी कई इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी। इसके बाद 28 सितंबर से कोई विशेष चेतावनी नहीं है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में बारिश जारी रह सकती है।
पिछले 24 घंटे में दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश हुई। जगदलपुर में 34.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री रहा।





