ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में नगर सैनिकों का मानदेय बढ़कर ₹30,870 होगा: 7,900 जवानों को फायदा, महंगाई भत्ता भी मिलेगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगर सैनिकों यानी होमगार्ड का मानदेय बढ़ाकर 30,870 रुपए प्रतिमाह करने का प्रस्ताव है। अभी उन्हें हर महीने 19,500 रुपए मिलते हैं। नए प्रस्ताव में मूल मानदेय के साथ महंगाई भत्ता और वर्दी धुलाई भत्ता भी शामिल किया गया है।

इससे प्रदेश के करीब 7,900 नगर सैनिकों को फायदा मिलने की उम्मीद है। गृह विभाग ने न्यायालय के निर्देशों और महंगाई को मानदेय बढ़ाने का आधार बताया है।

प्रस्ताव के अनुसार, नगर सैनिकों को 19,500 रुपए मूल मानदेय मिलेगा। इसके अलावा 58 प्रतिशत की दर से 11,310 रुपए महंगाई भत्ता और वर्दी धुलाई के लिए 60 रुपए दिए जाएंगे। इस तरह कुल राशि 30,870 रुपए प्रतिमाह होगी। प्रतिदिन के हिसाब से यह करीब 1,029 रुपए बैठती है।

2023 में बढ़ा था मानदेय

नगर सैनिकों के मानदेय में इससे पहले मई 2023 में बढ़ोतरी की गई थी। उस समय 1 अप्रैल 2023 से प्रभावी आदेश के तहत 6,300 रुपए की वृद्धि की गई थी। इसके बाद मासिक मानदेय 13,200 रुपए से बढ़कर 19,500 रुपए हो गया था। इससे पहले वर्ष 2017 में भी मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 13,200 रुपए किया गया था।

कानून-व्यवस्था और आपदा प्रबंधन में निभाते हैं जिम्मेदारी

नगर सैनिक प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न जरूरी सेवाओं में तैनात रहते हैं। ड्यूटी के दौरान उनकी जिम्मेदारियों और बढ़ती महंगाई को देखते हुए मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

मानदेय में प्रस्तावित बढ़ोतरी से नगर सैनिकों की मासिक आय में राहत मिलने की उम्मीद है। इस फैसले को लेकर नगर सैनिकों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार जताया है।

Related Articles

Back to top button