ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

19 साल से रह रहा बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेजों से NTPC में करता था काम

बिलासपुर। बिलासपुर में एसटीएफ और जिला विशेष शाखा की टीम ने 19 साल से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रह रहे बांग्लादेशी नागरिक अतीक हुसैन (42) को गिरफ्तार किया है। वह बांग्लादेश के नारायणगंज जिले का रहने वाला है और सरकंडा की सूर्या विहार कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक अतीक ने 2005 में अवैध तरीके से भारत में प्रवेश किया था।

पूछताछ में अतीक ने बताया कि भारत आने के बाद वह 2005 से 2007 तक तमिलनाडु में रहा। इसके बाद बिलासपुर पहुंचा। पुलिस के अनुसार उसने सीपत स्थित NTPC में BECOLifts Private Limited के जरिए लिफ्ट मेंटेनेंस का काम किया और करीब 19 वर्षों तक यहां रहा।

पासपोर्ट से लेकर मार्कशीट तक जब्त

पुलिस ने उसके किराये के मकान से भारतीय पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और नौवीं कक्षा की अंकसूची समेत कई दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में अतीक ने दस्तावेज गलत तरीके से बनवाने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के मुताबिक बिलासपुर आने के बाद उसने लिंगियाडीह ग्राम पंचायत के तत्कालीन पंच और सरपंच के माध्यम से निवास और जाति प्रमाण पत्र बनवाए। इसके बाद मंगला स्थित एक निजी स्कूल के नाम का इस्तेमाल कर नौवीं कक्षा की फर्जी मार्कशीट तैयार कराई।

20 दिन पहले पुलिस को चकमा देकर भागा था

करीब 20 दिन पहले सिरगिट्टी क्षेत्र में संदिग्ध लोगों की जांच के दौरान अतीक पुलिस के संपर्क में आया था, लेकिन सत्यापन के दौरान वहां से फरार हो गया।

इसके बाद एसटीएफ ने उसकी तलाश शुरू की। निरीक्षक संजय शिंदे को उसके सरकंडा में छिपे होने की सूचना मिली। टीम ने निगरानी के बाद 24 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे सूर्या विहार कॉलोनी में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

अतीक को रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भेजा गया है। उसके बांग्लादेश डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब फर्जी दस्तावेज तैयार कराने वालों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Back to top button