प्रदेश की पहली ऑटोमेटेड मल्टीलेवल पार्किंग शुरू: 12.60 करोड़ की लागत से बनी, एक साथ खड़ी होंगी 80 कारें; रोबोट करेगा पार्किंग

बिलासपुर। अब कार पार्क करने के लिए पार्किंग की मंजिलों पर घूमने और जगह तलाशने की जरूरत नहीं होगी। बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड परिसर में छत्तीसगढ़ की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग शुरू हो गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसका लोकार्पण किया। करीब 12 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने इसे तैयार किया है। यहां एक साथ 80 कारें पार्क हो सकेंगी।
इस सुविधा से पुराना बस स्टैंड और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या कम होने की उम्मीद है। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों से होने वाले ट्रैफिक दबाव में भी कमी आएगी।
कार को पार्किंग स्लॉट तक पहुंचाएगा रोबोट
पांच मंजिला इस पार्किंग भवन में भूतल सहित चार तल हैं। हर तल पर 20 कारें खड़ी करने की व्यवस्था है। इसकी खासियत शटल तकनीक है। कार चालक को भूतल पर बने प्रवेश बे में गाड़ी खड़ी कर बाहर निकलना होगा। इसके बाद एलिवेटर कार को निर्धारित मंजिल तक पहुंचाएगा और रोबोटिक शटल उसे खाली स्लॉट में पार्क कर देगा। कार वापस लेने के लिए अनुरोध करने पर यही सिस्टम उसे निकास बे तक पहुंचा देगा।
एक घंटे में 60 वाहनों की क्षमता
परियोजना में दो वाहन एलिवेटर, दो प्रवेश और दो निकास बे बनाए गए हैं। इसकी डिजाइन क्षमता करीब 60 वाहन प्रति घंटे की है। सुरक्षा के लिए अग्नि पहचान और अग्निशमन प्रणाली, बिजली बैकअप तथा स्वचालित निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के बीच पार्किंग और यातायात प्रबंधन की चुनौतियों का समाधान आधुनिक तकनीक से किया जा रहा है। सीमित जगह में अधिक वाहनों की पार्किंग की यह सुविधा शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद करेगी।
लोकार्पण के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला और धरमलाल कौशिक, महापौर पूजा विधानी सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।





