ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 14 दिन बाद फिर सक्रिय हुआ मानसून: अगले 5 दिन बारिश-आंधी के आसार, मध्य क्षेत्र में हीटवेव का अलर्ट

रायपुर। लगभग दो सप्ताह की सुस्ती के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने छत्तीसगढ़ की ओर फिर से रफ्तार पकड़ ली है।

मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र के सोलापुर के आसपास ठहरा मानसून अब आगे बढ़ रहा है और 23 जून के आसपास राज्य के कई हिस्सों में इसके आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। इसके चलते अगले पांच दिनों तक प्रदेश का मौसम बदला हुआ नजर आ सकता है।

मौसम विभाग ने 23 से 27 जून के बीच राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

सोमवार को भी कई जिलों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। विभाग का अनुमान है कि 22 से 26 जून के बीच पूरे प्रदेश में वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी।

हालांकि बारिश की संभावना के बावजूद मध्य छत्तीसगढ़ के लोगों को गर्मी और उमस से तत्काल राहत मिलने के आसार कम हैं।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। कुछ क्षेत्रों में हीटवेव जैसी स्थिति भी बन सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर के लालपुर मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

रायपुर में सोमवार को बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

विभाग ने कहा है कि आंधी-तूफान के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें तथा बिजली कड़कने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें। इससे संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।

Related Articles

Back to top button