StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

मुख्य बाजार में भीषण आग: कपड़ा दुकान की तीन मंजिला इमारत जलकर खाक, लाखों का नुकसान

कवर्धा। शहर के मुख्य बाजार में सोमवार देर रात एक कपड़ा दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी तीन मंजिला इमारत उसकी चपेट में आ गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के कुछ ही मिनटों में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान में बड़ी मात्रा में कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। लोगों ने तुरंत पुलिस, फायर ब्रिगेड और दुकान संचालक को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीन मंजिला दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। आगजनी में दुकान में रखा कपड़ा, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामग्री राख में तब्दील हो गई।

दुकान संचालक नदीम अंसारी ने बताया कि वह रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान बंद कर घर लौटे थे। कुछ देर बाद लोगों का फोन आया कि उनकी दुकान से धुआं और आग की लपटें निकल रही हैं। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग पूरे प्रतिष्ठान में फैल चुकी थी।

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस घटना में व्यापारी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि नुकसान का सटीक आकलन अभी किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। घटना के बाद देर रात तक बाजार क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।

Related Articles

Back to top button