StateNewsदेश - विदेश

देशभर में गणेश विसर्जन आज, मुंबई में 25 हजार जवान तैनात; हैदराबाद में 10 हजार CCTV से निगरानी

नई दिल्ली। गणेश उत्सव के अंतिम दिन शुक्रवार को देशभर में भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। मुंबई, हैदराबाद समेत प्रमुख शहरों में सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालु नदियों, तालाबों, झीलों और कृत्रिम विसर्जन कुंडों में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे हैं।

मुंबई में विसर्जन के दौरान 25 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्यावरण सुरक्षा को देखते हुए शहर में 383 कृत्रिम विसर्जन कुंड बनाए गए हैं। समुद्र तटों और प्रमुख विसर्जन स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा।

BMC के मुताबिक, इस साल अब तक डेढ़ दिन, पांच, छह और सात दिन के गणेश उत्सव के दौरान 1,63,386 प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका है। शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के मौके पर बड़ी संख्या में प्रतिमाओं के विसर्जन की संभावना है। जुहू चौपाटी और अन्य प्रमुख स्थानों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

हैदराबाद में 10 हजार CCTV से निगरानी

हैदराबाद में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए 25 से 30 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। शहर में निगरानी के लिए 24 ड्रोन और करीब 10 हजार CCTV कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। हुसैन सागर के आसपास 100 अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं।

झील के आसपास क्रेन, इमरजेंसी बोट, गोताखोर और मेडिकल पोस्ट भी तैनात किए गए हैं। खैरताबाद की विशाल गणेश प्रतिमा के विसर्जन जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। जुलूस के दौरान कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंध लागू रहेंगे।

लातूर में तेज आवाज में DJ बजाने के मामले में दो लोगों पर केस भी दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों को शोर-प्रदूषण नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई थी।

Related Articles

Back to top button