मुख्यमंत्री के हाथों मिला श्रवण यंत्र, विमला बाई की जिंदगी में लौटी संवाद की खुशी

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंदों के जीवन में किस तरह बदलाव ला रही हैं, इसकी मिसाल दुर्ग जिले के टंकी मरोदा क्षेत्र की निवासी विमला बाई वर्मा हैं।
लंबे समय से सुनने की समस्या से जूझ रहीं विमला बाई के लिए परिवार और आसपास के लोगों से सामान्य बातचीत करना भी मुश्किल हो गया था। संवाद के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब शासन की सहायता से उनकी यह परेशानी काफी हद तक दूर होने की उम्मीद जगी है।
विमला बाई ने श्रवण क्षमता में सुधार और सामान्य जीवन में लौटने की उम्मीद से समाज कल्याण विभाग में श्रवण यंत्र के लिए आवेदन किया था। विभाग ने उनके आवेदन पर विचार करते हुए श्रवण यंत्र स्वीकृत किया। हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दुर्ग प्रवास के दौरान उन्हें यह उपकरण प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री के हाथों मिला उपकरण
वार्ड क्रमांक-18 स्थित दुर्गा मंच के पास आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं विमला बाई को श्रवण यंत्र सौंपा। उपकरण मिलने पर उनके चेहरे पर खुशी और संतोष दिखाई दिया। उनके लिए यह सिर्फ एक उपकरण नहीं, बल्कि परिवारजनों और आसपास के लोगों से फिर सहजता से जुड़ने का माध्यम है।
योजना से मिली बड़ी राहत
विमला बाई वर्मा ने श्रवण यंत्र मिलने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि शासन की इस योजना से उन्हें बड़ी राहत मिली है। इसके लिए उन्होंने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों और जिला प्रशासन को भी धन्यवाद दिया।
सरकार की इस पहल से विमला बाई को रोजमर्रा की गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने और सामाजिक जीवन से दोबारा जुड़ने में मदद मिलेगी। यह सहायता जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अहमियत भी बताती है।





