एक घंटे में बना केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र, गीतांजलि के लिए खुला IIT में प्रवेश का रास्ता

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के सेवा-सेतु पोर्टल से बेमेतरा जिले की छात्रा गीतांजलि साहू को बड़ी राहत मिली है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) में प्रवेश के लिए जरूरी केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र उन्हें महज एक घंटे में मिल गया। समय पर दस्तावेज मिलने से अब उनके लिए प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ाने का रास्ता आसान हो गया है।
बेमेतरा जिले के बेरला विकासखंड के ग्राम आनंदगांव निवासी नगनारायण साहू की बेटी गीतांजलि उच्च शिक्षा हासिल कर आईआईटी में प्रवेश लेना चाहती हैं। प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए उन्हें केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र की जरूरत थी। इसके लिए वे अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय बेरला पहुंचीं और प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया।
एक घंटे में जारी हुआ प्रमाण पत्र
कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने सेवा-सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद महज एक घंटे के भीतर गीतांजलि को केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया। कम समय में जरूरी दस्तावेज मिलने से उन्हें राहत मिली। अब वे आईआईटी में प्रवेश की आगे की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगी।
गीतांजलि ने इस त्वरित सेवा पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन और बेरला एसडीएम कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर प्रमाण पत्र मिलने से उनकी बड़ी चिंता दूर हो गई।
विद्यार्थियों के लिए मददगार बना पोर्टल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए सेवा-सेतु पोर्टल का उपयोग कर रही है। इसके माध्यम से नागरिकों को जरूरी प्रमाण पत्र आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों और युवाओं को इसका लाभ मिल रहा है।
गीतांजलि को एक घंटे में प्रमाण पत्र मिलना प्रशासनिक तत्परता का उदाहरण है। इससे न केवल समय और श्रम की बचत हुई, बल्कि उच्च शिक्षा के उनके सपने को आगे बढ़ाने में भी मदद मिली।





