बीरगांव में 53 विकास कार्यों के लिए 4.94 करोड़ मंजूर: सड़क, नाली, सामुदायिक भवन और तालाबों का होगा निर्माण

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए 4 करोड़ 94 लाख 4 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं। इस राशि से निगम के अलग-अलग वार्डों में 53 विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें सीसी रोड, नाली, सामुदायिक भवन, बाउंड्रीवॉल और तालाबों में पचरी व शेड निर्माण शामिल हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में इन कार्यों को मंजूरी दी गई है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और स्थानीय विधायक मोतीलाल साहू के प्रयासों से नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अधोसंरचना मद से स्वीकृति आदेश जारी किए हैं।
वार्ड-18 में सबसे ज्यादा 85.69 लाख रुपए
स्वीकृत कार्यों में सबसे ज्यादा राशि वार्ड क्रमांक-18 को मिली है। यहां सड़क, नाली, शेड और पचरी निर्माण सहित 10 कार्यों पर 85.69 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। वार्ड-9 में सड़क और नाली के 7 कार्यों के लिए 62.52 लाख रुपए तथा वार्ड-19 में 7 कार्यों के लिए 56.16 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं।
वार्ड-5 में सड़क और नाली के 4 कार्यों पर 52.09 लाख रुपए और वार्ड-16 में 4 कार्यों के लिए 52.67 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं। वार्ड-8 के बंधवा तालाब अछोली में शेड, पचरी और सीसी रोड सहित 4 कार्यों पर 31 लाख रुपए खर्च होंगे।
इसके अलावा वार्ड-1 और 2 में कबीर कुटी उरला की बाउंड्रीवॉल और बाजार चौक में सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। वार्ड-14 में रावांभाठा मुक्तिधाम की बाउंड्रीवॉल और शीतला तालाब में शेड निर्माण के लिए 24.80 लाख रुपए दिए गए हैं। वार्ड-28 के व्यास तालाब में पचरी निर्माण के लिए 20 लाख रुपए मंजूर हुए हैं।
समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश
वार्ड-38 में शीतला तालाब पार से ओम नेशनल स्कूल होते हुए मुख्य मार्ग तक नाली बनाई जाएगी। इसके लिए 13.20 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। विभाग ने सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शासन के नियमों और निर्माण मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।





