StateNewsदेश - विदेश

अमरनाथ यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 39 श्रद्धालु घायल; गांदरबल में हादसा

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में बुधवार सुबह अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। गनीवान (गुंड) इलाके में बस अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बस में सवार 39 श्रद्धालु घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF, राहत एवं बचाव दल और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए कंगन अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कई घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए SKIMS अस्पताल रेफर किया गया।

सड़क से फिसलकर खाई में गिरी बस

पुलिस के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर AR11 D5655 है। शुरुआती जानकारी के अनुसार बस गनीवान इलाके से गुजर रही थी, इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। बस सड़क से नीचे फिसलते हुए खाई में जा गिरी। हादसे के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

LG ने अधिकारियों से ली घायलों की जानकारी

हादसे की जानकारी मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गांदरबल के डिप्टी कमिश्नर और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात की। उन्होंने घायलों की स्थिति और अस्पताल में चल रहे इलाज की जानकारी ली।

उपराज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने प्रशासन को रेस्क्यू और उपचार व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रखने के निर्देश दिए।

मनोज सिन्हा ने हादसे में घायल सभी श्रद्धालुओं के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और भगवान शिव से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button