StateNewsदेश - विदेश

बारिश का कहर: हिमाचल में घरों में घुसा मलबा, उत्तराखंड में हाईवे बंद; 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून आफत बन गया है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी बारिश के कारण बाढ़, लैंडस्लाइड और जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

हिमाचल के चंबा में सोमवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गई। सरोल मोहल्ले समेत कई इलाकों में पानी के साथ पत्थर और मलबा घरों और दुकानों में घुस गया। कई मकानों की पहली मंजिल तक मलबा भर गया, जबकि 10 से ज्यादा वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।

उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, केदारनाथ यात्रा रोकी

उत्तराखंड में मंगलवार सुबह चमोली, टिहरी, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आईं। रुद्रप्रयाग में कुंड-काकड़ा के बीच केदारनाथ नेशनल हाईवे मलबा आने से बंद हो गया। सोनप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे भी बंद है। इसके चलते केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। राज्य के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि कई जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

MP में बिजली गिरने से 3 की मौत

मध्य प्रदेश के शहडोल में रविवार शाम बिजली गिरने से 11 साल के बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। छत्तीसगढ़ में भी अलग-अलग जगहों पर डूबने की घटनाओं में तीन युवकों की जान चली गई।

बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने डीप डिप्रेशन के कारण पश्चिम बंगाल से उत्तराखंड तक करीब 1500 किलोमीटर के क्षेत्र में बादल छाए हुए हैं। मानसून ट्रफ के प्रभाव से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की संभावना है।

29-30 जुलाई को भी बारिश का अलर्ट

29 जुलाई को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, पंजाब, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट है। 30 जुलाई को भी हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, केरल, गोवा और आंध्र प्रदेश में भी बारिश जारी रहने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button