लमनी-खुड़िया में कांवड़ियों के लिए बने आधुनिक प्रतीक्षालय, 20-20 लाख खर्च

सोलर लाइट, रात्रि विश्राम और भोजन की सुविधा; वनांचल के श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत
रायपुर। श्रावण मास में अमरकंटक से मां नर्मदा का जल लेकर भगवान भोलेनाथ के मंदिरों तक पदयात्रा करने वाले कांवड़ियों को इस बार वनांचल में बड़ी राहत मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की पहल पर पंचायत विभाग ने ग्राम लमनी और खुड़िया में ₹20-20 लाख की लागत से आधुनिक प्रतीक्षालय शेड तैयार कराए हैं। दोनों स्थानों को कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षित पड़ाव के रूप में विकसित किया गया है।
लमनी में सोलर ऊर्जा से रोशन होगा पड़ाव
लमनी बैरियर के पास बनाया गया प्रतीक्षालय कांवड़ियों के प्रमुख पड़ावों में शामिल है। अब तक श्रद्धालुओं को बारिश और घने जंगल के बीच खुले में रात गुजारनी पड़ती थी।
नए शेड में रात्रि विश्राम, भोजन बनाने और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां सोलर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था भी की गई है, जिससे रात में यात्रियों को सुरक्षित माहौल मिलेगा।
खुड़िया में भी मिलेगी सुविधाएं
इसी तरह खुड़िया में तैयार प्रतीक्षालय भी कांवड़ियों के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव बनेगा। दोनों जगह श्रद्धालु यात्रा के दौरान रुककर आराम कर सकेंगे और भोजन तैयार कर सकेंगे। इससे कई दिनों तक पैदल चलने वाले यात्रियों की परेशानी कम होगी।
स्वास्थ्य और पेयजल की भी व्यवस्था
कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य शिविर लगाने के साथ सड़क मरम्मत और पेयजल की व्यवस्था भी की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और संस्कृति से जुड़ा महापर्व है। भोलेनाथ के भक्तों को सुरक्षित और सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
श्रद्धालुओं ने नए प्रतीक्षालयों के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार जताया।





