रायगढ़ में मानकेश्वरी मंदिर में 60 बकरों की बलि, बैगा ने पिया खून

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के करमागढ़ स्थित मां मानकेश्वरी देवी मंदिर में शरद पूर्णिमा पर करीब 500 साल पुरानी बल पूजा की परंपरा निभाई गई। इस दौरान करीब 50 से 60 बकरों की बलि दी गई। पूजा के दौरान बैगा के बकरों का खून पीने का वीडियो भी सामने आया है। मान्यता है कि इस दौरान बैगा के शरीर में देवी का वास होता है।
रायगढ़ राजपरिवार की कुलदेवी माने जाने वाली मां मानकेश्वरी देवी के मंदिर में मनोकामना पूरी होने पर श्रद्धालु बकरा चढ़ाने पहुंचते हैं। रायगढ़ के अलावा ओडिशा और आसपास के दूर-दराज के गांवों से हजारों लोग पूजा में शामिल हुए।
एक रात पहले होती है निशा पूजा
जिला मुख्यालय से करीब 27 किलोमीटर दूर करमागढ़ में हर साल शरद पूर्णिमा पर बल पूजा की जाती है। मानकेश्वरी समिति के पूर्व अध्यक्ष युधिष्ठिर यादव के मुताबिक, यह परंपरा करीब 500 साल पुरानी है। बल पूजा से एक रात पहले निशा पूजा होती है। इस दौरान राजपरिवार की ओर से बैगा के अंगूठे में नवरत्न की अंगूठी पहनाई जाती है। मान्यता है कि आम दिनों में ढीली रहने वाली अंगूठी पूजा के दिन कस जाती है।
मनोकामना पूरी होने पर चढ़ाते हैं बकरा
श्रद्धालु संतान प्राप्ति और बीमारी से मुक्ति जैसी मनोकामनाएं लेकर मंदिर पहुंचते हैं। मन्नत पूरी होने पर वे बकरा चढ़ाते हैं। इस बार दोपहर बाद पूजा शुरू हुई। मंदिर के सामने बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि पूजा में शामिल श्रद्धालुओं और समिति के सदस्यों के अलावा दूसरे लोग अंदर प्रवेश न कर सकें।
पूजा के दौरान श्रद्धालु बैगा के पैर धोते हैं और सिर पर दूध डालकर पूजा करते हैं। समिति के सदस्यों के मुताबिक, कुछ वर्षों में बलि दिए जाने वाले बकरों की संख्या 100 से 120 तक पहुंच जाती है।
राजपरिवार ने बताया रियासतकाल की परंपरा
राज्यसभा सांसद और रायगढ़ राजपरिवार के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मां मानकेश्वरी देवी की पूजा की परंपरा रियासतकाल से चली आ रही है। गांव और आसपास के क्षेत्रों के लोगों की देवी के प्रति गहरी आस्था है। आज भी यहां पुराने रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा की जाती है।





