ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

गांवों के समग्र विकास से ही साकार होगा विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प: सीएम साय

जिला पंचायत CEO की बैठक में बोले मुख्यमंत्री- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, पंचायतों को बनाएं आत्मनिर्भरता का केंद्र

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ग्राम पंचायतों को केवल सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की इकाई नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन, आर्थिक समृद्धि और आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था का केंद्र बनाना होगा।

गांव सशक्त होंगे और ग्रामीण विकास में सहभागी बनेंगे, तभी विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प साकार होगा। वे सोमवार को नवा रायपुर के एसआईआरडी परिसर, निमोरा में जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक एवं कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन की असली कसौटी यही है कि सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और सेवा भावना से काम करने तथा ऐसे गांवों की पहचान करने के निर्देश दिए, जहां जनभागीदारी और स्थानीय संसाधनों के उपयोग से आदर्श विकास मॉडल तैयार किया जा सके।

रोजगार और जल संरक्षण पर जोर

साय ने विकसित भारत जी राम जी योजना के जरिए रोजगार के साथ स्थायी परिसंपत्तियों और गुणवत्तापूर्ण ग्रामीण अधोसंरचना विकसित करने के निर्देश दिए।

जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, भूजल संवर्धन, मृदा स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन को प्राथमिकता देने को कहा।

10.40 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 10 लाख 40 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

अब उन्हें कौशल विकास, उद्यमिता और स्वरोजगार से जोड़कर करोड़पति दीदी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

पीएम आवास और सूर्यघर योजना पर फोकस

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ देने और सामाजिक सुरक्षा पेंशन में देरी नहीं करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का पंचायत स्तर पर प्रचार कर अधिक परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने तथा किसानों को सौर पंप योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि बस्तर के दूरस्थ गांवों तक सड़क, बिजली, आवास, राशन, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता है। बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी और सभी जिलों के जिला पंचायत CEO मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button