Uncategorized

स्कूल भवन की मांग पर ग्रामीणों का हल्लाबोल: रुवाड़ में स्कूल में तालाबंदी कर धरने पर बैठे, बोले- मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा

गरियाबंद। छुरा विकासखंड के ग्राम रुवाड़ में स्कूल भवन की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। वर्षों से लंबित मांग पूरी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल में तालाबंदी कर दी और भवन के सामने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों के आंदोलन के चलते स्कूल में पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति बन गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्कूल भवन निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। इस संबंध में शासन और प्रशासन के अधिकारियों से कई बार शिकायत और मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वर्तमान भवन जर्जर और विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से अपर्याप्त है। ऐसे में बच्चों को पढ़ाई के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जर्जर भवन से बच्चों को परेशानी

ग्रामीणों के मुताबिक, स्कूल भवन की स्थिति को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती गई। आखिरकार ग्रामीणों ने स्कूल में तालाबंदी कर आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया।

धरने पर बैठे ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक स्कूल भवन निर्माण को लेकर प्रशासन की ओर से ठोस पहल नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों का कहना है कि उनका विरोध बच्चों के भविष्य और बेहतर शिक्षा व्यवस्था को लेकर है।

अब तक मौके पर नहीं पहुंचे अधिकारी

ग्रामीणों के अनुसार, धरना प्रदर्शन शुरू होने के बावजूद अब तक कोई आला अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ रही है। अब ग्रामीणों को प्रशासन की पहल का इंतजार है। देखना होगा कि वर्षों पुरानी मांग पर प्रशासन कब संज्ञान लेता है और स्कूल भवन निर्माण को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है।

Related Articles

Back to top button