ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नेशनल हाईवे-45 पर मरम्मत कार्य युद्ध स्तर पर जारी: छतौना के पास सड़क क्षतिग्रस्त, आवाजाही पूरी तरह चालू

रायपुर। छत्तीसगढ़ के गौरेला-बिलासपुर नेशनल हाईवे-45 पर यातायात पूरी तरह सामान्य है। छतौना गांव के पास अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़क की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार, सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित नहीं है और परियोजना का 58 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा किया जा चुका है।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि केंवची-रतनपुर मार्ग के किलोमीटर 290.000 पर स्थित छतौना के पास टोल प्लाजा का निर्माण प्रस्तावित है। इस हिस्से में ग्रेन्युलर सब-बेस (जीएसबी) लेयर का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में हुई लगातार बारिश और भारी वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण सड़क की सतह को नुकसान पहुंचा है।

सड़क को हुए नुकसान की जानकारी मिलते ही ईपीसी अनुबंधक मेसर्स शांति इंजीकॉन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। विभागीय अधिकारियों की निगरानी में लगातार सुधार कार्य किया जा रहा है। साथ ही, यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए मौके पर विशेष व्यवस्था की गई है।

लोक निर्माण विभाग के मुताबिक, भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 31 मार्च 2022 को राष्ट्रीय राजमार्ग-45 के 42.598 किलोमीटर लंबे मार्ग के दो-लेन चौड़ीकरण और उन्नयन कार्य के लिए 286 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की थी। इसके बाद सभी औपचारिकताएं पूरी होने पर 15 जुलाई 2024 को कार्यादेश जारी किया गया।

परियोजना के तहत अब तक 25.770 किलोमीटर डामरीकरण, 98 एचपी कल्वर्ट, 14 आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट, 7 माइनर ब्रिज, 4.890 किलोमीटर आरसीसी नाली और 4.467 किलोमीटर रिटेनिंग वॉल तथा टो-वॉल का निर्माण पूरा हो चुका है।

विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा है कि मार्ग पूरी तरह चालू है और शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button