ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

1.31 करोड़ के धान घोटाले के आरोपी का टॉयलेट साफ करते VIDEO वायरल: कलेक्टर पर लगाए आरोप, बोले- कार्रवाई से बचने के लिए रची कहानी

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में 1.31 करोड़ रुपए के धान घोटाले के आरोपी शशिकांत महंत का कलेक्ट्रेट परिसर में टॉयलेट साफ करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। आरोपी ने दावा किया है कि वह कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के कहने पर टॉयलेट साफ कर रहा था। वहीं, कलेक्टर ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि यह एक सुनियोजित साजिश है। भ्रष्टाचार के मामले में चल रही कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी झूठे आरोप लगा रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन की ओर से ऐसा कोई निर्देश दिया गया होता तो वीडियो आरोपी के पास कैसे पहुंचता। कोई भी व्यक्ति कहीं भी वीडियो बनाकर इस तरह के आरोप लगा सकता है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना है, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मामले की शिकायत छत्तीसगढ़ मानवाधिकार आयोग में भी की गई है।

दरअसल, पूरा मामला पुटीडीह धान खरीदी केंद्र से जुड़ा है। नवंबर 2025 में अधिकारियों को धान की बोरियों में मिट्टी मिलाने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान करीब 4200 क्विंटल धान की कमी सामने आई थी। आरोप है कि गड़बड़ी को छिपाने के लिए धान की बोरियों में मिट्टी मिलाकर भेजने की तैयारी की जा रही थी।

जांच में सरकार को करीब 1.31 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया। शुरुआत में केंद्र प्रभारी प्रकाश महंत के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, लेकिन बाद में सहकारिता विभाग की जांच में संस्था प्रबंधक शशिकांत महंत, कंप्यूटर ऑपरेटर द्रोण प्रताप शांडिल्य और कर्मचारी श्यामा बाई की भूमिका भी सामने आई।

इसके बाद 29 मई 2026 को तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। वहीं, पुलिस ने 11 अगस्त को शशिकांत महंत और श्यामा बाई को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button