ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में 2 करोड़ का विदेशी सोना जब्त: 7 बिस्किट और एक सोने की छड़ मिली, दो तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर से गुजरने वाली हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में विदेशी सोने की बड़ी खेप पकड़ी गई है। आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की संयुक्त टीम ने डीआरआई नागपुर के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए करीब 2 करोड़ रुपए का विदेशी सोना जब्त किया है। मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में विदेशी सोने की तस्करी किए जाने की सूचना आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर को मिली थी। सूचना के बाद आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम को डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के साथ जांच के लिए लगाया गया।

संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान ट्रेन के बी-12 कोच की तलाशी ली गई। जांच के दौरान दो संदिग्ध यात्रियों की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर उन्हें हिरासत में लिया गया।

तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ बरामद हुई। जब्त किए गए सोने का कुल वजन 1.242 किलोग्राम बताया गया है। प्रारंभिक जांच में इसे विदेशी सोना पाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, बरामद सोने की कुल कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपए आंकी गई है।

कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को आगे की जांच के लिए डीआरआई नागपुर के हवाले कर दिया गया। डीआरआई ने दोनों के खिलाफ कस्टम एक्ट, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि विदेशी सोना कहां से लाया गया था और इसे किस व्यक्ति या नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले के तार किसी बड़े तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button